
चंदौली। धान खरीद को लेकर किसान व डिप्टी आरएमओ के बीच विवाद का मामला शासन तक पहुंच गया है। इसकी जांच के लिए विशेष सचिव ओमप्रकाश वर्मा शनिवार को जिले में पहुंचे। मंडी में क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान किसानों व अधिकारियों से बात कर प्रकरण के बारे में जानकारी ली। क्रय केंद्रों पर लेखपाल व पुलिस की निगरानी में धान खरीद कराने का निर्णय लिया गया। उपद्रव अथवा अभद्रता करने वाले किसानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। केंद्र प्रभारियों को पारदर्शी तरीके से धान खरीद का निर्देश दिया गया।
जिले में धान खरीद की रफ्तार सुस्त होने से नाराज किसानों ने पिछले दिनों नवीन मंडी में डिप्टी आरएमओ अनूप कुमार श्रीवास्तव का घेराव किया था। इस दौरान खूब खरी-खोटी सुनाई थी। अधिकारियों का आरोप रहा कि किसानों ने उनके साथ गाली-गलौच व अभद्रता की। इसकी सूचना मिलते ही केंद्र प्रभारी लामबंद हो गए और पूरे प्रदेश में एक दिन खरीद ठप रही। दूसरे दिन से अन्य एजेंसियों के केंद्रों पर खरीद शुरू हुई, लेकिन विपणन शाखा के केंद्र प्रभारी हड़ताल पर रहे। मामला तूल पकड़ता जा रहा था। ऐसे में शासन के विशेष सचिव जिले में पहुंचे। जिलाधिकारी संजीव सिंह के साथ मंडी में किसानों व केंद्र प्रभारियों का पक्ष सुना। उन्होंने धान खरीद को सुचारू करने का निर्देश दिया। केंद्र प्रभारियों ने पिछले दिनों डिप्टी आरएमओ के साथ दुर्व्यवहार व मवइयां में केंद्र प्रभारी की पिटाई का मामला बताते हुए सुरक्षा की मांग की। डीएम ने सभी केंद्रों पर लेखपाल व पुलिसकर्मियों को तैनात करने का भरोसा दिलाया। कहा कि उनकी देखरेख में धान खरीद होगी। केंद्र प्रभारी पारदर्शिता के साथ धान की खरीद करें। केंद्र प्रभारियों के साथ अभद्रता करने वाले किसानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डिप्टी आरएमओ ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश का अक्षरशः पालन किया जाएगा। पारदर्शी तरीके से धान खरीद के लिए विभाग प्रतिबद्ध है।