fbpx
चंदौलीराजनीतिराज्य/जिला

चकिया प्रधान संघ का अध्यक्ष कौन ? दो प्रधानों ने ठोंका दावा, गहराया विवाद

चंदौली। चकिया प्रधान संघ अध्यक्ष पद को लेकर विवाद गहरा गया है। दो ग्राम प्रधानों ने इस पद पर अपना दावा करते हुए खुद को प्रधान संघ अध्यक्ष घोषित कर दिया है। ब्लाक के प्रधान भी दो गुटों में बंट गए हैं। गुरुवार को रक्षा मंत्री के गांव भभौरा के प्रधान अवधेश यादव ने आदित्य पुस्तकालय में आयोजित बैठक में 65 प्रधानों के समर्थन का दावा करते हुए खुद को प्रधान संघ का अध्यक्ष घोषित कर दिया। वहीं शुक्रवार को बोदलपुर के प्रधान रामलाल यादव ने ब्लाक सभागार में बैठक कर खुद को प्रधान संघ का अध्यक्ष घोषित करते हुए बहुमत का दावा किया। इससे ब्लाक में असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है । साथ ही अध्यक्ष पद को लेकर विवाद गहरा गया है।


गुरुवार को भभौरा के प्रधान इंजीनियर अवधेश यादव के नेतृत्व में चकिया नगर स्थित आदित्य पुस्तकालय में प्रधान संघ अध्यक्ष का चुनाव कराया गया। अवधेश यादव ने 65 प्रधान के समर्थन का दावा करते हुए खुद को अध्यक्ष घोषित कर दिया। जैसे ही इसकी सूचना प्रधान संघ अध्यक्ष पद के एक और दावेदार रामलाल यादव को लगी तो उन्होंने इस निर्णय का विरोध करते हुए शुक्रवार को चकिया विकास खंड सभागार में प्रधानों की बैठक बुलाई और शक्ति प्रदर्शन करते हुए खुद को अध्यक्ष घोषित कर दिया। दावा किया कि उनके पास भी अधिकांश ग्राम प्रधानों का समर्थन है। हालांकि भभौरा के प्रधान का कहना है कि आज की बैठक में महज 24 ग्राम प्रधानों ने ही रामलाल यादव को अपना समर्थन दिया है। ज्यादातर प्रधानों का समर्थन मेरे साथ है। बहरहाल चकिया ब्लाक में प्रधान दो गुटो में बंट गए हैं। विवाद को देखते हुए ग्राम प्रधान संघ से हस्तक्षेप की मांग की है।

Back to top button
error: Content is protected !!