ख़बरेंचंदौली

CCCL-2 का रोमांचक समापन: ड्रीम गुरुकुल इंडियंस बनी चैंपियन, फाइनल में स्कैनकरो स्मैशर पर शानदार जीत

चंदौली। जिले के ताजपुर में आयोजित ‘चन्दौली सर्कल क्रिकेट लीग’ (CCCL) के दूसरे सीजन का भव्य समापन बेहद रोमांच और उत्साह के साथ हुआ। एम्ब्रोसिया एकेडमी के मैदान पर खेले गए फाइनल मुकाबले में ड्रीम गुरुकुल इंडियंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कैनकरो स्मैशर को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।

 

फाइनल मैच में स्कैनकरो स्मैशर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया, लेकिन उनकी शुरुआत अच्छी नहीं रही। ड्रीम गुरुकुल इंडियंस के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए विपक्षी टीम को पूरे 10 ओवर में मात्र 48 रन पर ही रोक दिया। लगातार गिरते विकेटों के चलते स्कैनकरो स्मैशर की टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में असफल रही और निर्धारित ओवरों में संघर्ष करती नजर आई।

 

जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी ड्रीम गुरुकुल इंडियंस की टीम ने संतुलित और आत्मविश्वास से भरी बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। बल्लेबाजों ने संयम बनाए रखते हुए रन गति को नियंत्रित रखा और टीम ने मात्र 7.2 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ड्रीम गुरुकुल इंडियंस ने CCCL-2 की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

 

फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए ऋषु सिंह को ‘मैन ऑफ द मैच’ के खिताब से नवाजा गया। वहीं पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कैनकरो स्मैशर के खिलाड़ी रॉबिन यादव को ‘मैन ऑफ द सीरीज़’ घोषित किया गया। दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन की दर्शकों और आयोजकों ने सराहना की।

 

मैच के दौरान दोनों टीमों के ओनर्स भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते नजर आए। ड्रीम गुरुकुल इंडियंस के ओनर अंकित पांडे और स्कैनकरो स्मैशर की ओनर सौम्या वर्मा मैदान पर मौजूद रहीं और अपनी-अपनी टीमों का मनोबल बढ़ाया। टूर्नामेंट का सफल आयोजन एम्ब्रोसिया एकेडमी के डायरेक्टर अरविंद सिंह और अतुल सिंह के निर्देशन में किया गया, जिसकी सभी ने सराहना की।

 

समापन समारोह के मुख्य अतिथि CCCL के फाउंडर एवं SKS ग्रुप (कैलावर) के डायरेक्टर प्रभात यादव ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि CCCL का उद्देश्य केवल क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच देना है। उन्होंने कहा कि अनुशासन, मेहनत और समर्पण ही खिलाड़ियों को सफलता के शिखर तक पहुंचाते हैं।

 

इसके साथ ही प्रभात यादव ने CCCL के आगामी सीजन को लेकर भी बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि CCCL सीजन-3 का आयोजन मुगलसराय में कराने की योजना है। साथ ही प्रतियोगिता को और अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए टीमों की संख्या 6 से बढ़ाकर 8 करने पर भी विचार किया जा रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!