ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : बार-बार जलील करता था छोटा भाई, करोड़ों की संपत्ति का लालच, बड़े भाई ने ही विशाल को गोली मारकर की थी हत्या, तालाब में फेंक दी पिस्टल और सीसीटीवी की डीवीआर

चंदौली। कंदवा थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज हत्या की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने छोटे भाई द्वारा बार-बार जलील किए जाने और संपत्ति के लालच में उसकी गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल और सीसीटीवी का डीवीआर भी बरामद किया है।

 

पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक अनन्त चन्द्रशेखर व क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में कन्दवा पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी विवेक सिंह मृतक विशाल का बड़ा भाई है।

 

पुलिस के अनुसार 5 मार्च को कन्दवा थाना क्षेत्र में हुई हत्या के मामले में वादी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों का गठन कर जांच शुरू की गई। साक्ष्य संकलन, मुखबिर की सूचना और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने आरोपी की पहचान कर 7 मार्च की शाम उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।

 

पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह और मृतक विशाल सिंह सगे भाई थे, जिसमें वह बड़ा भाई था। पहले घर के सभी फैसलों में उसकी राय ली जाती थी, लेकिन कुछ समय पहले एक हत्या के मामले में जेल जाने के बाद परिवार में उसका सम्मान कम हो गया था। इसी बीच परिवार की एक जमीन 75 लाख रुपये में बिकने पर उसे जो हिस्सा मिला था, वह उसने खर्च कर दिया। इसके बाद जब वह पैसे की जरूरत पर छोटे भाई से मदद मांगता था तो वह अक्सर उसे अपमानित और जलील करता था।

 

इसी बात से आहत होकर आरोपी ने अपने छोटे भाई को रास्ते से हटाने की योजना बना ली। उसे लालच था कि भाई की मौत के बाद सारी संपत्ति और करीब 25 लाख रुपये की एफडी भी उसे मिल जाएगी। होली के दिन और उसके अगले दिन आरोपी ने काफी शराब पी रखी थी। 5 मार्च को करीब 1:30 बजे घर के हाल में चौकी पर सो रहे छोटे भाई के सिर में पीछे से गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

घटना के बाद आरोपी ने सबूत छिपाने के लिए पिस्टल और सीसीटीवी का डीवीआर घर में भूसे में छिपा दिया और अगले दिन तड़के मोटरसाइकिल से ले जाकर नहर किनारे तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दोनों सामान बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!