
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के भोगवार गांव निवासिनी 46 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन से कटकर मौत हो गई। मृतका की पहचान विक्रम पटेल की पत्नी राजमणि देवी के रूप में हुई, जिनकी मानसिक स्थिति पिछले काफी समय से ठीक नहीं बताई जा रही थी। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी रही। वहीं जाने जिला पंचायत सदस्य जहांगीर गुड्डू मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।
परिजनों के अनुसार, राजमणि देवी शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे घर से अचानक लापता हो गई थीं। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला तो परिजन चिंतित हो उठे। इसी बीच गांव के कुछ युवक रेलवे लाइन की ओर गए, जहां उन्हें गैंगमैन से जानकारी मिली कि एक महिला ट्रेन से कट गई है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे तो दृश्य बेहद हृदयविदारक था। महिला का शव कई मीटर तक बुरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा था, जिसे देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

