ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चंदौली में गेहूं खरीद ने पकड़ी रफ्तार, 1500 मीट्रिक टन खरीद, डीएम ने पंजीकरण तेज करने के दिए निर्देश

चंदौली। जनपद में गेहूं खरीद प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। अब तक लगभग 1500 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर जिले में कुल 69 क्रय केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां किसानों से समर्थन मूल्य पर खरीद जारी है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि किसान पंजीकरण प्रक्रिया को और तेज किया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान योजना का लाभ उठा सकें। इसके लिए प्रत्येक क्रय केंद्र पर लेखपाल की तैनाती सुनिश्चित की गई है, जो किसानों के पंजीकरण में सहयोग कर रहे हैं।

 

जिला खाद्य विपणन अधिकारी राघवेन्द्र सिंह ने किसानों से अपील की है कि वे शासन के निर्देशानुसार अपनी फॉर्मर रजिस्ट्री अवश्य कराएं। जिन किसानों का पंजीकरण पहले हो चुका है, लेकिन उनके खेत (गाटा) नहीं जुड़े हैं, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ लेखपाल या क्रय केंद्र पर संपर्क कर इस प्रक्रिया को पूरा कर सकते हैं।

 

अधिकारियों के अनुसार गेहूं खरीद के लिए जनपद में पर्याप्त मात्रा में बोरे उपलब्ध हैं। कोटेदारों से भी बोरे लिए गए हैं, जबकि मंडल स्तर से टेंडर के बाद पहले चरण में एक लाख बोरे आवंटित किए जा चुके हैं। अब तक कुल 7118 किसानों ने पंजीकरण कराया है और उनकी उपज की खरीद जारी है।

 

जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने मंडियों का निरीक्षण कर क्रय केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि बोरों की कमी न होने पाए। उन्होंने समय से मांग भेजने और आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान क्रय केंद्रों पर किसानों के लिए पेयजल और छायादार बैठने की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। अधिकारियों ने गेहूं खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!