
चंदौली। अलीनगर पुलिस ने तेल चोरी के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को अलीनगर क्षेत्र से पकड़ लिया और उसके कब्जे से मोबाइल फोन व नकदी भी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर जनपद में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चन्द्रशेखर (आईपीएस) और क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अलीनगर अनिल कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार तेल चोरी से संबंधित मुकदमा संख्या 127/2026 थाना अलीनगर में विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज है। इस मामले में प्रमोद चौहान पुत्र मुराहू चौहान निवासी वार्ड नंबर 9 अलीनगर की तलाश की जा रही थी। शनिवार को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को वार्ड नंबर 16 अलीनगर से शाम 7:30 बजे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक स्मार्टफोन, एक कीपैड मोबाइल फोन और 2200 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी तेल चोरी से जुड़े मामले में वांछित चल रहा था और उसके खिलाफ अलीनगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ पेट्रोलियम अधिनियम, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक अनिल यादव और कांस्टेबल आकाश सिंह शामिल रहे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की आगे की जांच जारी है।

