
चंदौली। महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और स्वावलंबन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सोमवार को उप संभागीय परिवहन कार्यालय (एसडीटीओ) में मिशन शक्ति-5.0 के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जनपद के वाहन डीलरों ने सक्रिय सहयोग दिया। 25 महिलाओं को प्रेरणादायक पुस्तकें प्रदान की गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को जागरूक बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना रहा। मिशन शक्ति अभियान के तहत प्रदेशभर में सरकारी विभागों के समेकित प्रयासों से महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित एवं समर्थ वातावरण तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इस अवसर पर शासन द्वारा जारी मिशन शक्ति-5.0 से संबंधित वीडियो क्लिप प्रदर्शित की गई, साथ ही महिलाओं के अधिकारों, सुरक्षा और स्वावलंबन से संबंधित पम्पलेट का वितरण भी किया गया।
महिलाओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहित करने के लिए सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) डॉ. सर्वेश गौतम ने 25 महिलाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी उपयोगी पुस्तकें भेंट कीं।
डॉ. गौतम ने कहा कि “परिश्रम ही सफलता की कुंजी है”। कठिन मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी व्यक्ति अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में राज्य सरकार महिलाओं के स्वावलंबन और सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ प्रत्येक महिला को उठाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान एआरटीओ चंदौली द्वारा महिला सुरक्षा, अधिकारों, शिक्षा और आत्मनिर्भरता से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने जनसंख्या अनुपात, लिंगानुपात, बाल विवाह, स्कूल ड्रॉपआउट, साक्षरता दर, संस्थागत प्रसव और महिलाओं एवं बच्चों के प्रति हिंसा जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक पहलुओं पर चर्चा की।
कार्यक्रम के अंत में परिवहन विभाग की ओर से जनपद के सभी वाहन डीलरों से अपील की गई कि यदि उनके प्रतिष्ठान से कोई महिला वाहन खरीदती है, तो उसकी फाइल और पंजीयन पुस्तिका को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए।