ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: रात में सड़क पर उतरे एसपी, मातहतों की ड्यूटी चेक की, रात्रि गश्त बढ़ाए और यक्ष ऐप के प्रभावी उपयोग के दिए निर्देश

चंदौली। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने बुधवार देर रात थाना अलीनगर की ड्यूटियों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने थाने में तैनात पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की उपस्थिति, सतर्कता और कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान रात्रि गश्त बढ़ाने और यक्ष ऐप के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर मौजूद कर्मियों से बातचीत कर उनकी जिम्मेदारियों की जानकारी ली और पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से रात्रि गश्त को मजबूत करने और डिजिटल पुलिसिंग को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

 

यक्ष ऐप के उपयोग पर दिया विशेष जोर
पुलिस अधीक्षक ने डिजिटल पुलिसिंग को सशक्त बनाने के लिए ‘यक्ष ऐप’ के उपयोग की समीक्षा की। उन्होंने सभी बीट अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे ऐप का नियमित और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करें। साथ ही संदिग्ध व बाहरी व्यक्तियों की जानकारी, सत्यापन संबंधी कार्रवाई तथा अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं को समय पर ऐप पर अपडेट करने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने स्पष्ट किया कि डिजिटल वेरिफिकेशन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी पुलिसकर्मी इस प्रणाली को गंभीरता से अपनाएं।

 

रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने के निर्देश
एसपी आदित्य लांग्हे ने अपराध नियंत्रण के लिए रात्रि गश्त को और अधिक सक्रिय व प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने, प्रमुख स्थानों पर नियमित गश्त करने और ‘पीक ऑवर्स’ के दौरान पैदल गश्त को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

 

इसके अलावा उन्होंने अपराधियों के डाटाबेस को लगातार अपडेट रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने के लिए सीसीटीवी कैमरों के नेटवर्क के विस्तार पर भी जोर दिया।

 

नशे के कारोबार पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री पर सख्त रुख अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए सख्ती से कार्रवाई की जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस कर्मियों को जनता के साथ बेहतर संवाद बनाए रखने, सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

 

Back to top button
error: Content is protected !!