
चंदौली। मध्य एशिया में तनाव से होर्मूज जल डमरूमध्य से टैंकरों की आवाजाही प्रभावित होने के बाद घरेलू एपीजी सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति को लेकर लोगों में असमंजस की स्थिति है। घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति धीमी होने के बाद एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की कतारें लग रही हैं। अफवाहों के चलते लोग जरूरत से अधिक गैस सिलेंडर और ईंधन खरीदने के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे कई स्थानों पर अव्यवस्था की स्थिति भी उत्पन्न हो गई है। जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने भरोसा दिलाया है कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने अफवाह फैलाने वालों व कालाबाजारी पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए स्पष्ट किया है कि जनपद में रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि जिले में ईंधन और गैस की आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य रूप से चल रही है और लोगों को घबराने की बिल्कुल आवश्यकता नहीं है। डीएम ने गैस एजेंसी संचालकों और पेट्रोल पंप मालिकों को भी सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कहीं भी कालाबाजारी, जमाखोरी या निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने की शिकायत मिली तो संबंधित संचालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने कहा कि ऐसी स्थिति में दोषी पाए जाने पर लाइसेंस निरस्त करने के साथ ही जेल भेजने तक की कार्रवाई की जा सकती है।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से झूठी खबरें या अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर अफवाह फैलाते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ऐसे लोगों पर लगातार नजर बनाए हुए है। जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों या अफवाहों पर विश्वास न करें और घबराकर अनावश्यक रूप से गैस या ईंधन की खरीदारी न करें। प्रशासन का कहना है कि जिले में आपूर्ति पूरी तरह से सुचारु है और सभी आवश्यक वस्तुएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।
डीएम ने लोगों से संयम और सतर्कता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी स्थान पर कालाबाजारी या अधिक मूल्य वसूले जाने की जानकारी मिले तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

