ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : चकिया में एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन, सेवा और जागरुकता का संदेश देकर लौटे स्वयंसेवक

चंदौली। एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन रविवार को उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। यह शिविर चकिया के सावित्री बाई फूले राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के तत्वावधान में प्राथमिक विद्यालय मुहम्मदाबाद परिसर में आयोजित किया गया। समापन समारोह में छात्रों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संयोजन कार्यक्रम प्रभारी डॉ. सुरेन्द्र कुमार सिंह और डॉ. कलावती के निर्देशन में संपन्न हुआ।

 

समापन समारोह से पहले स्वयंसेवक और स्वयंसेविकाओं ने शिविर स्थल पर साफ-सफाई, पानी का छिड़काव, दरी बिछाने और पोस्टर-बैनर लगाने जैसे कार्य किए। इन गतिविधियों के माध्यम से उन्होंने अनुशासन, सहयोग और सेवा भावना का परिचय दिया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि लालब्रत सिंह (पूर्व प्रधानाध्यापक, राजकीय हाईस्कूल मूसाखांड), कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह, पूर्व कार्यक्रम प्रभारी डॉ. शमशेर बहादुर और कार्यक्रम प्रभारी डॉ. सुरेन्द्र कुमार सिंह द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

 

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को आकर्षक बना दिया। स्वयंसेविकाओं नाज, सादिया, महिमा और प्रतिभा ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। अनुप्रिया ने राष्ट्रीय सेवा योजना का लक्ष्य गीत प्रस्तुत किया, जबकि नाज और महिमा ने एकता गीत के माध्यम से कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना दिया। वहीं तूबा आफरीन ने सड़क सुरक्षा गीत की प्रस्तुति देकर जागरूकता का संदेश दिया।

 

कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि ग्राम प्रधान श्रीमती संगीता केशरी ने कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और लोगों को विभिन्न समस्याओं के प्रति सजग बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मुख्य अतिथि लालब्रत सिंह ने कहा कि शिक्षा और सेवा समाज तथा राष्ट्र के विकास का आधार हैं। एनएसएस के माध्यम से छात्रों को समाज सेवा का अवसर मिलता है, जिससे उनमें जिम्मेदारी और सहयोग की भावना विकसित होती है।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह ने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास भविष्य में बड़े परिणाम देते हैं। उन्होंने बताया कि श्रमदान और बौद्धिक गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्रीय सेवा योजना समाज के विकास में अहम योगदान दे रही है। कार्यक्रम प्रभारी डॉ. सुरेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने मतदाता जागरूकता, शिक्षा, स्वास्थ्य, योग, नशा मुक्ति, जल और ऊर्जा संरक्षण, नारी सशक्तिकरण, स्वच्छता, सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर रैली, भाषण, स्लोगन, निबंध और सर्वे के माध्यम से शेरपुर गांव और मुहम्मदाबाद की बस्तियों में लोगों को जागरूक किया।

 

समारोह में प्रिंस मोदनवाल, राहुल सोनकर, अमन राजभर, अजय कुमार, खुशबू, आशा विश्वकर्मा, शालू कुमारी, सोनी और अनामिका समेत कई स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम के संचालन और व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शमशेर बहादुर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. कलावती ने दिया।

Back to top button
error: Content is protected !!