
चंदौली। बबुरी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा हुआ है, जहां अवैध संबंधों के चलते पत्नी और उसके ननदोई ने मिलकर पति की हत्या कर दी और इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। पुलिस ने मामले का सफल अनावरण करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी आकाश पटेल ने बताया कि घटना एक मार्च की है। खुरुहुजा (वरऊर) निवासी हीरा वियार ने थाना बबुरी में तहरीर देकर बताया कि उनके भतीजे राजवंश वियार ने अपनी जमीन ग्राम रामगढ़ में गिरवी रखी थी। जमीन वापस लेने के विवाद के चलते कथित तौर पर दबाव में आकर उसने आत्महत्या कर ली। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जब मामले की गहन जांच की गई, तो सच्चाई सामने आई। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, सर्विलांस और पूछताछ के आधार पर 7 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने मृतक की पत्नी राम दुलारी और उसके ननदोई रामजनम को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त रस्सी भी बरामद की गई।
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। राम दुलारी ने बताया कि 28 फरवरी की रात वह अपने ननदोई रामजनम से मोबाइल पर बात करने के बाद उसे घर बुलाया। रात में भोजन के दौरान मृतक और रामजनम के बीच विवाद हुआ, जो बाद में शांत हो गया। लेकिन देर रात दोनों के बीच अवैध संबंध बने, तभी राजवंश ने उन्हें आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया।
इसके बाद विवाद बढ़ गया, जिसमें रामजनम ने पहले राजवंश का गला दबाया और फिर राम दुलारी के साथ मिलकर रस्सी से उसका गला कसकर हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों ने शव को फांसी पर लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे।
सुबह राम दुलारी ने रोने-चिल्लाने का नाटक किया और पड़ोसियों को बुलाकर दरवाजा खुलवाया, जिससे घटना को आत्महत्या दिखाया जा सके। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने पहले से ही एक अन्य व्यक्ति को फंसाने की साजिश रची, ताकि आर्थिक लाभ उठाया जा सके।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस खुलासे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं।

