ख़बरेंचंदौली

चंदौली न्यूज : बारिश में जलभराव से परेशान वार्डवासियों ने किया प्रदर्शन, नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जताया आक्रोश

चंदौली। पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर सात पराहूपुर स्थित प्रिया नगर कॉलोनी की गलियों में जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से परेशान वार्डवासियों ने नगर पालिका परिषद के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने जमकर नारेबाजी कर अपनी नाराजगी जताई और जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की।

 

प्रदर्शन कर रहे वार्डवासियों का कहना था कि बारिश होते ही कॉलोनी की मुख्य मार्ग समेत गलियों में पानी जमा हो जाता है। जलभराव के कारण लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई स्थानों पर पानी लंबे समय तक जमा रहने से स्थानीय लोगों को घरों से निकलने में भी दिक्कत होती है।

 

वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि जलभराव की समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका के अधिकारियों और जिम्मेदार कर्मचारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के मौसम में उन्हें इसी परेशानी से जूझना पड़ता है। इसके बावजूद जलनिकासी के लिए प्रभावी इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं।

 

लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से जलभराव वाले स्थानों का स्थलीय निरीक्षण कराने, नालियों की सफाई कराने और पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आगे भी आंदोलन करने को बाध्य होंगे। प्रदर्शन में वीरेंद्र प्रताप सिंह दाढ़ी, संजय पाठक, राजेश कुमार, हीरा यादव, पप्पू मिश्रा, बंटी, धीरेन्द्र श्रीवास्तव, सुधीर पांडेय, दामोदर प्रधान, संजय शर्मा और उपेंद्र यादव समेत अन्य वार्डवासी शामिल रहे।

 

 

Back to top button
error: Content is protected !!