
चंदौली। रंगदारी मांगने, सड़क जाम करने समेत कई गंभीर आरोपों में पुलिस ने बलुआ थाना क्षेत्र के मोहरगंज निवासी खुशबू किन्नर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। माहौल बिगड़ने न पाए, इसके लिए मोहरगंज क्षेत्र में पर्याप्त फोर्स तैनात की गई है। खुशबू किन्नर पर लगे गंभीर आरोपों की जांच एडीजी के निर्देश पर जौनपुर पुलिस कर रही है।

कुछ माह पूर्व किन्नरों के मोहरगंज स्थित एक मकान को विस्फोट से उड़ा दिया गया था। खुशबू किन्नर ने अभिषेक सिंह टिंकू और विकास सिंह सहित आधा दर्जन लोगों पर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। यही नहीं पुलिस पर दबाव बनाने के लिए किन्नरों को साथ लेकर चहनियां में घंटों चक्काजाम किया था। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि विकास सिंह ने कोर्ट में सरेंडर किया था। बाद में विकास और अभिषेक के परिजनों ने मुख्यमंत्री से मिलकर इस मामले की शिकायत की और खुशबू किन्नर पर ही हमले का षड़यंत्र रचने का आरोप लगाते हुए साक्ष्य प्रस्तुत किए थे।
शासन के निर्देश पर एडीजी ने जौनपुर पुलिस को मामले की जांच सौंपी। साथ ही तत्कालीन थाना प्रभारी अतुल प्रजापति को निलंबित कर दिया गया। आरोप है कि अभिषेक सिंह टिंकू से शादी का दावा करने वाली खुशबू किन्नर मामले में फंसाने की धमकी देकर पैसे की मांग कर रही थी। उसने ही सुनियोजित तरीके से पुलिस की मिलीभगत से पूरा षड़यंत्र रचा था। बहरहाल, उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने भारी पुलिस बल के साथ पहुंचकर खुशबू किन्नर को हिरासत में ले लिया। एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि खुशबू किन्नर को गिरफ्तार किया जा चुका है। उस पर धमकी देकर रंगदारी मांगने और सड़क जाम करने के आरोप हैं। मामले की जांच जारी है।

