
चंदौली। एकीकृत कीटनाशी प्रबंधन प्रणाली (IPMS) पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन न कराना जिले के 190 विक्रेताओं को भारी पड़ा। निर्देशों की अनदेखी पर जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने सभी के प्राधिकार पत्र निलंबित कर दिए हैं। वहीं तीन दिन में पंजीकरण न कराने पर प्राधिकार पत्र के निरस्तीकरण की चेतावनी दी है।
दरअसल, कृषि व किसान कल्याण मंत्रालय भारत सरकार की ओर से कीटनाशी विक्रेताओं व विनिर्माताओं का आईपीएमएस पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य कर दिया गया है। इसी क्रम में कृषि भवन लखनऊ की ओर से निर्देश जारी किए गए थे। शासन के फरमान के बाद कृषि विभाग ने सभी कीटनाशी विक्रेताओं से एक अप्रैल तक रजिस्ट्रेशन कराने के निर्देश दिए थे। हालांकि 7 अप्रैल तक सिर्फ 203 दुकानदारों ने ही पंजीकरण कराया था। 190 विक्रेताओं ने पंजीकरण नहीं कराया।
निर्देश के बावजूद पंजीकरण न कराने पर जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने उपरोक्त 190 दुकानदारों के प्राधिकार पत्र निलंबित कर दिए। उन्होंने दुकानदारों को पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने के लिए तीन दिन का समय दिया है। निर्धारित अवधि के अंदर रजिस्ट्रेशन न कराने पर लाइसेंस निरस्तीकरण की चेतावनी दी है। कार्रवाई के बाद विक्रेताओं में खलबली मची है।

