ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: तियरा में नौ दिवसीय श्रीराम कथा का शुभारंभ

चंदौली। शाहाबगंज क्षेत्र के महारथपुर तियरा के श्री हनुमान मंदिर में नौ दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ डैडीज़ इंटरनेशनल स्कूल, बिशुनपुरा कांटा के प्रबंधक डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने दीप प्रज्वलित कर किया और क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि व मंगलकामना की।

 

यह श्रीराम कथा 13 मार्च से 21 मार्च 2026 तक आयोजित की जा रही है। प्रतिदिन सायं 6:30 बजे से रात्रि 9:30 बजे तक श्रद्धालु कथा का श्रवण कर सकेंगे। कथा स्थल श्री हनुमान मंदिर, महारथपुर तियरा में पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भगवान श्रीराम की कथा में भावविभोर हो उठे।

 

कथा वाचन रश्मि मिश्रा (श्रीधाम वृंदावन) द्वारा किया जा रहा है। वे अपने मधुर भजनों और भावपूर्ण प्रवचनों के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, धर्म, मर्यादा और भक्ति के संदेश को श्रोताओं तक पहुँचा रही हैं। उनके प्रवचनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु श्रद्धा व भक्ति में सराबोर नजर आए।

 

इस धार्मिक आयोजन का संचालन जय हनुमान श्री रामकथा, रघुवर सेवा समिति, तियरा (शाहाबगंज), जनपद चंदौली द्वारा किया जा रहा है। समिति के पदाधिकारियों के अनुसार पिछले आठ वर्षों से लगातार इस राम कथा का आयोजन कराया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में धार्मिक व सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा मिल रहा है।

 

डॉ. विनय प्रकाश तिवारी सामाजिक व धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनके द्वारा हर महीने अयोध्या धाम के लिए श्रद्धालुओं की निःशुल्क बस यात्रा भी भेजी जाती है, जिससे अनेक भक्तों को प्रभु श्रीराम के दर्शन का अवसर मिल रहा है। कथा के पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर इसे क्षेत्र के लिए आध्यात्मिक सौभाग्य बताया और नौ दिनों तक नियमित रूप से कथा श्रवण करने का संकल्प लिया।

 

Back to top button
error: Content is protected !!