ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : खाद्य व रसद राज्य मंत्री ने नवीन मंडी में देखी धान खरीद, अभिलेखों का किया अवलोकन, अधिकारियों को दी सख्त हिदायत

चंदौली। खाद्य व रसद राज्यमंत्री और नागरिक आपूर्ति सतीशचंद्र शर्मा एक दिवसीय दौरे पर शनिवार को जिला मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने नवीन मंडी में धान क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान अभिलेख और अनाज की तौल देखी। वहीं मंडी में धान विक्रय करने आए किसानों से भी बात की। अधिकारियों को हिदायत दी कि क्रय केंद्र किसानों को किसी तरह की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। खासतौर से छोटे किसानों का विशेष ध्यान दिया जाए।

state minister inspection at navin mandi

राज्यमंत्री ने क्रय केंद्र पर उपलब्ध मजदूरों के उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन किया। साथ ही क्रय संबंधी अभिलेख भी देखे। क्रय एजेंसी प्रभारियों को निर्देशित किया कि किसानों से धान क्रय में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। धान क्रय से संबंधित सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें। छोटे किसानों का धान क्रय करने में भी प्राथमिकता बरती जाए। शासन की मंशा के अनुरूप पूरी पारदर्शिता और सहूलियतपूर्वक किसानों के धान की खरीद सुनिश्चित हो। इसके बाद उन्होंने पीडब्ल्यूडी निरीक्षण भवन में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। जिला खाद्य विपणन अधिकारी व क्रय एजेंसियों के जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान खरीद में तेजी लाएं। आवश्यकतानुसार धान क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाए। साथ ही प्रस्ताव भी उच्च स्तर पर भेजवाएं। उन्होंने अधिक से अधिक किसानों से धान क्रय करते हुए उन्हें न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ दिलाने के लिए निर्देशित किया। कहा कि पूरी पारदर्शिता के साथ किसानों का अनाज क्रय किया जाए। निर्धारित अवधि के अंददर भुगतान सुनिश्चित करें। प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में अब तक बनाए जा चुके नए राशन कार्डों को कैंप लगाकर अविलंब वितरित कराएं। ऐसे राशन कार्डधारक, जो विगत छह माह से अपना राशन नहीं ले रहे हैं, उनका सत्यापन कराकर अपात्रों को निरस्त कर पात्र लोगों के नए राशन कार्ड बनवाने का कार्य करें। उन्होंने जनपद के सुदूर नौगढ़ क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर अनुसूचित जाति, जनजाति व गरीब लोगों के नए राशन कार्ड बनवाने पर जोर दिया। कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति राशन कार्ड से वंचित न रहे। बैठक में जिला खाद्य विपणन अधिकारी सौरभ कुमार यादव, प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी अनिल कुमार यादव,  जिला प्रबधंक रमेश गुप्ता, भारतीय खाद्य निगम के क्रय प्रभारी राजीव रंजन, डिपो प्रभारी राजेश सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

meeting with officers

Back to top button