ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : काली मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह, निकली भव्य कलश यात्रा, श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह

चंदौली। अलीनगर क्षेत्र के नई बस्ती वार्ड नंबर-3 आलूमिल स्थित नवनिर्मित काली माता मंदिर के आठ दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा समारोह की शुरुआत शनिवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। इस दौरान क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। डीजे और गाजे-बाजे के साथ निकाली गई इस यात्रा में सैकड़ों महिलाओं और युवतियों ने सिर पर मिट्टी एवं पीतल के कलश रखकर भाग लिया और जयकारों से वातावरण गूंज उठा।

 

कलश यात्रा सूर्य देव मंदिर मानसरोवर तालाब से प्रारंभ होकर मुख्य मार्गों से होती हुई अलीनगर आलुमिल स्थित मंदिर प्रांगण पहुंची। यात्रा के दौरान पुरुष श्रद्धालु धार्मिक ध्वज लेकर चल रहे थे, जबकि कलश लिए महिलाओं की लंबी कतारें आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।

 

मंदिर प्रांगण पहुंचने के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडितों द्वारा विधि-विधान से कलश स्थापना एवं पूजा-अर्चना शुरू कराई गई। पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। मंदिर के संस्थापक अजय जायसवाल ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह आठ दिनों तक चलेगा। 1 अप्रैल को नगर के विभिन्न मंदिरों तक मूर्ति भ्रमण कराया जाएगा, 2 अप्रैल को विधिवत प्राण प्रतिष्ठा होगी, जबकि 4 अप्रैल को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!