ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस : यूपी की नारी, शान है हमारी थीम पर महिलाओं की उपलब्धियों का सम्मान, सीएम योगी ने चंदौली की सोनी कुमारी के कार्यों को सराहा

चंदौली। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में “यूपी की नारी, शान हैं हमारी” थीम के अंतर्गत “मिशन शक्ति” अभियान के तहत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। सीएम योगी ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में चंदौली की सोनी कुमारी के कार्यों को सराहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक सुशील सिंह रहे। इस दौरान लखनऊ से आयोजित महिला दिवस के मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा गया और सीएम योगी आदित्यनाथ के उद्बोधन को सुना गया। कार्यक्रम में “पिंक रोजगार महाकुंभ” पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी दिखाई गई।

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी मंडल की महिलाओं से वर्चुअल संवाद किया। इसी क्रम में चंदौली की प्रगतिशील किसान और महिला उद्यमी सोनी कुमारी से भी मुख्यमंत्री ने सीधे संवाद किया। बातचीत के दौरान सोनी कुमारी ने बताया कि वे किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) का संचालन करती हैं और विभागीय योजनाओं के तहत फूलों की खेती कर रही हैं। इसके साथ ही वे स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का कार्य भी कर रही हैं।

मुख्यमंत्री ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें अन्य महिलाओं को प्रशिक्षण देने और उनके उत्पादों को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि ऐसी महिलाएं प्रदेश में महिला सशक्तिकरण की मिसाल बन रही हैं।

 

कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह रोकथाम, बाल संरक्षण तथा विभिन्न योजनाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और जनपद की मेधावी छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के अंतर्गत नव चयनित मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए।

 

विधायक ने उपस्थित महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज महिलाएं विभिन्न योजनाओं और रोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रही हैं, जो बदलते उत्तर प्रदेश की तस्वीर को दर्शाता है। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और रोजगार के लिए लगातार काम कर रही है, जिसके परिणामस्वरूप महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़कर जनपद और देश का नाम रोशन कर रही हैं।

 

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं, अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार, पीडी बीबी सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। अंत में डीसी एनआरएलएम श्वेता सिंह ने सभी अतिथियों और उपस्थित महिलाओं का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Back to top button
error: Content is protected !!