
चंदौली। पीडीडीयू नगर में रामनवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सुभाष पार्क स्थित शनि मंदिर से हिंदू युवा वाहिनी के जिला महामंत्री तेज प्रताप सिंह लकड़ू के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शोभायात्रा में भगवान श्रीराम और भगवान शंकर की आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए, वहीं “जय श्रीराम” के गगनभेदी जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय माहौल में डूब गया। नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई यह यात्रा लोगों के बीच आस्था और उत्साह का संदेश देती रही।
तेज प्रताप सिंह ने इस अवसर पर कहा कि रामनवमी असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह सत्य के मार्ग पर चलकर अपने जीवन को सुखमय और समृद्ध बनाए। उन्होंने यह भी कहा कि सत्य कभी पराजित नहीं होता, चाहे उसे कठिनाइयों का सामना ही क्यों न करना पड़े।
शोभायात्रा शनि मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई राम मंदिर पहुंची और पुनः मंदिर परिसर में आकर संपन्न हुई। आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के भी उचित इंतजाम किए गए थे। इस मौके पर अंकित गुप्ता, गुड्डू सिंह टोपी, प्रवीण सिंह, दिनेश सिंह, नीरज गुप्ता, मल्लू अग्रहरी सहित हिंदू युवा वाहिनी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

