ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : वन विभाग ने रात्रि गश्त के दौरान अवैध पत्थर भस्सी लदा ट्रक पकड़ा, सीज

संवाददाता-बाबू चौहान

 

चंदौली। अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग की टीम ने रात्रि गश्त के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए पत्थर भस्सी से लदा एक ट्रक पकड़कर सीज कर दिया। यह कार्रवाई चंदौली मार्ग पर तियरा गांव के पास की गई।

 

वन विभाग की टीम क्षेत्र में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए नियमित रूप से गश्त कर रही है। इसी क्रम में रात्रि गश्त के दौरान टीम को तियरा गांव के पास एक टीपर संदिग्ध अवस्था में गुजरता हुआ दिखाई दिया। शक होने पर टीम ने वाहन को रोककर उसकी जांच की।

 

जांच के दौरान टीपर में पत्थर भस्सी लदी पाई गई। जब वाहन चालक से खनिज के परिवहन से संबंधित वैध कागजात मांगे गए तो वह कोई भी अधिकृत दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए वाहन को कब्जे में ले लिया। अधिकारियों ने बताया कि बिना वैध अनुमति और दस्तावेजों के खनिज का परिवहन अवैध है। ऐसे मामलों में विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। पकड़े गए टीपर को सीज कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेंज कार्यालय भेज दिया गया है।

 

वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा। इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई में वन विभाग के दरोगा सुरेन्द्र कुमार राव, वन रक्षक राधे कृष्ण मिश्र तथा वाचर मोहम्मद सौदागर, बबलू और यशवंत सक्रिय रूप से शामिल रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!