
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के विजई के पुरा गांव के समीप छठ बेदी पूजा के दौरान गंगा में पांच किशोर डूब गए। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह मशक्कत कर पांचों को पानी से बाहर निकाला। इनमें तीन सुरक्षित हैं, जबकि दो को गंभीर हालत में बीएचयू में भर्ती कराया गया है।
रविवार की शाम व्रती महिलाएं गंगा किनारे बेदी पूजन करने गई थीं। उनके साथ किशोर भी गए थे। पांच किशोर गंगा में नहाने लगे। उसी दौरान पांचों डूब गए। यह देख वहां मौजूद लोगों में खलबली मच गई। मौके पर मौजूद लोगों और गोताखोरों ने तत्काल पानी में छलांग लगाकर पांचों को बचा लिया। इनमें तीन की हालत ठीक है, जबकि दो किशोर हर्धन जूड़ा गांव निवासी अमित प्रजापति (14 वर्ष) और सत्यम यादव (11 वर्ष) गहरे पानी में डूब गए थे।
उप जिलाधिकारी सकलडीहा कुंदन राज कपूर ने इस घटना की पुष्टि की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था मौजूद थी, लेकिन किशोरों ने बैरिकेटिंग तोड़कर खतरा मोल लिया। हालांकि, प्रशासन की तत्परता और गोताखोरों की तेजी से बड़ी जनहानि टल गई। घटना के बाद प्रशासन ने घाट पर सुरक्षा घेरे की निगरानी और सख्त कर दी है। गोताखोरों की समय पर कार्रवाई ने कई मासूम जिंदगियां बचा लीं।

