
चंदौली। जिले की पांच ग्राम पंचायतों को बेहतर काम का इनाम मिला है। ग्राम पंचायतों को मुख्यमंत्री प्रोत्साहन पुरस्कार से नवाजा गया है। धानापुर ब्लॉक के प्रह्लादपुर गांव को प्रथम, चहनिया के कावंर को द्वितीय, सकलडीहा के बर्थरा कला को तृतीय, शहाबगंज के हड़ौरा को चौथा और चहनिया के सेवढ़ी को पाचवां स्थान मिला है। चयनित ग्राम पंचायतों के खाते में इनाम की धनराशि पहुंच गई है। इस उपलब्धि से ग्राम प्रधानों के साथ ही ग्रामीण भी गदगद हैं।
दरअसल, मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए जिले की सभी ग्राम सभाओं का ऑनलाइन सर्वे कराया गया था। इसमें स्वच्छता, जल निकासी, पक्का निर्माण, मूलभूत संरचना सहित अन्य बिन्दु शामिल थे। इसके बाद जिला प्रशासन द्वारा शासन को सर्वे की सूची उपलब्ध कराई गई। 5 ग्राम सभाओं का चयन हुआ है। मानक के हिसाब से पहले स्थान पर रहने वाले प्रह्लादपुर ग्राम सभा के खाते में 11 लाख रुपये भेजे गए हैं। जबकि दूसरे स्थान पर रहे कांवर गांव के खाते में 9 लाख, बर्थरा कला के खाते में 6, हड़ौरा के खाते में चार लाख और सेवढ़ी के खाते में 2 लाख भेजा गया है। इसके लिए ग्राम प्रधानों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया है। भरोसा दिलाया कि ग्राम पंचायतों के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।