
चंदौली। डीआईजी के निर्देश पर चंदौली पुलिस ने जिलेभर में यातायात नियमों के उल्लंघन और अवैध वाहन संचालन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। एसपी आदित्य लांग्हे के मार्गदर्शन में शुरू किए गए इस अभियान में पुलिस ने उन वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की, जिन पर जातिसूचक शब्द, काली फिल्म, बिना परमिट डीएल-आरसी तथा प्राइवेट वाहनों पर ‘भारत सरकार’ या ‘उत्तर प्रदेश सरकार’ जैसे भ्रामक शब्द लिखे गए थे।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने जिले के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर चौकिंग अभियान चलाया और संदिग्ध वाहनों को रोककर उनकी विस्तृत जांच की। कई जगहों पर वाहन स्वामियों को चेतावनी दी गई, जबकि लगातार नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ चालान और कड़ी कानूनी कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जातिसूचक शब्दों का प्रदर्शन, काली शीशे का प्रयोग और बिना मान्य दस्तावेजों के वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है। इसी तरह, निजी वाहनों पर सरकारी पहचान जैसे शब्द लिखना भ्रम पैदा करता है और नियमों के अनुसार दंडनीय अपराध है।
पुलिस ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए सख्त निगरानी की जाएगी।

