
चंदौली। मुगलसराय के चंधासी पुलिस चौकी निर्माण को लेकर प्रशासन ने नई बस्ती स्थित जीटी रोड पर चिह्नित जमीन से मंगलवार को अतिक्रमण हटवाया। इस दौरान चिह्नित दायरे में आने वाले अतिक्रमण को जेसीबी से ध्वस्त करा दिया गया। हालांकि बाइक एजेंसी मालिक ने निजी जमीन बताते हुए प्रशासन की कार्रवाई का विरोध किया। आननफानन में बाउंड्रीवाल पर बैनर टांगकर नई बाइकें भी खड़ी कर दीं। मौके पर सुरक्षा के मद्देनजर फोर्स तैनात रही।
मुगलसराय एसडीएम, पीडब्ल्यूडी एक्सईएन भारी पुलिस बल के साथ जेसीबी लेकर मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने पुलिस चौकी के लिए चिह्नित जमीन से अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई शुरू कराई। इस दौरान पिलर खड़े करने के लिए गड्ढे भी खुदवाए गए। हालांकि हीरो बाइक एजेंसी के मालिक समेत कुछ लोगों ने यह कहते हुए विरोध जताया कि चौकी का निर्माण उनकी निजी जमीन के सामने किया जा रहा है। एजेंसी मालिक ने तत्काल बाउंड्री वाल के बाहर बाइक गोदाम का बैनर लगवाने के साथ ही चार-पांच नई मोटरसाइकिलें भी वहां खड़ी करवा दीं।
अधिकारियों का कहना रहा कि जिस भूमि को चिह्नित किया गया है वह विभाग की जमीन है। जिस हिस्से को बाइक एजेंसी का गोदाम बताया जा रहा है, वह जमीन विवादित बताई जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर ही निर्माण कार्य कराया जा रहा है।

