ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : भारतमाला परियोजना प्लांट के शौचालय में फांसी लगाकर डंपर चालक ने दी जान, शराब की लत से था परेशान, छानबीन में जुटी पुलिस

रिपोर्ट: बाबू चौहान

चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र के बिशुनपुरा गांव स्थित भारतमाला परियोजना के प्लांट परिसर में बुधवार सुबह डंपर चालक ने शौचालय में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 35 वर्षीय अशोक कुमार पांडे के रूप में हुई है, जो भारतमाला परियोजना में डंपर चालक के पद पर कार्यरत थे। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।

 

अशोक कुमार पांडे बुधवार सुबह काफी देर तक नजर नहीं आए। जब उनके साथी चालकों ने उन्हें खोजा तो प्लांट परिसर के शौचालय का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची शहाबगंज पुलिस ने दरवाजा तोड़कर देखा तो अशोक कुमार पांडे शौचालय के भीतर फांसी के फंदे से लटके मिले। पुलिस ने तत्काल शव को नीचे उतरवाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

 

मृतक अशोक कुमार पांडे अविवाहित थे और बिहार के सिवान जिले के घुरघाट गांव निवासी विक्रमा पांडे के पुत्र बताए जा रहे हैं। वह पिछले कुछ समय से भारतमाला परियोजना में चालक के रूप में तैनात थे। साथियों के अनुसार, अशोक शराब की लत से परेशान रहते थे और कई बार मानसिक तनाव में होने की बात भी सामने आई है। हालांकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह क्या रही, इसका अभी स्पष्ट रूप से खुलासा नहीं हो सका है।

 

घटना की जानकारी मिलने पर चकिया क्षेत्राधिकारी रघुराज भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। शहाबगंज थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

 

Back to top button
error: Content is protected !!