ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : डीएम ने 50 लाख से अधिक लागत वाली परियोजनाओं का जाना हाल, अफसरों को दिए सख्त निर्देश, बोले, समय पर पूरा कराएं कार्य

चंदौली। जिले में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने पूर्वांचल विकास निधि, क्रिटिकल गैप्स और त्वरित आर्थिक विकास कार्यक्रम के अंतर्गत चल रही परियोजनाओं का हाल जाना। उन्होंने परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और योजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूर्ण की जाएं। उन्होंने कहा कि जिले में चल रहे पेयजल, सड़क निर्माण, विद्युत व्यवस्था तथा विभिन्न सरकारी भवनों से संबंधित विकास कार्यों में तेजी लाने की आवश्यकता है। इसके लिए अधिकारियों को कार्यदायी संस्थाओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए।

 

जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय के निर्माण कार्य में शिथिलता पाए जाने पर यू.पी. प्रोजेक्ट्स कारपोरेशन लिमिटेड, निर्माण इकाई-03 वाराणसी को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा विकास खंड नियमताबाद के अंतर्गत गंगा नदी के दाएं तट पर स्थित ग्राम कुंडाकला और कुंडाखुर्द की सुरक्षा के लिए चल रही कटान निरोधक परियोजना तथा सकलडीहा तहसील के धानापुर ब्लॉक के ग्राम नरौली में गंगा नदी के कटान को रोकने के लिए चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई।

 

बैठक में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान चंदौली में टाइप-4 आवासीय भवनों के निर्माण, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बरहनी में एकेडमिक ब्लॉक और छात्रावास भवन के निर्माण, नगर पालिका परिषद में 50 टीपीडी सॉलिड वेस्ट प्लांट के निर्माण तथा आईआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र चंदौली में अग्निशमन केंद्र के निर्माण कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा की गई। इसके साथ ही चकिया ब्लॉक के भोका बंधी के पुनरोद्धार, बलुआ, सोगाई, रेरूआ और धनकंवारी पंप नहर आधुनिकीकरण परियोजनाओं की भी समीक्षा कर संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बाबा कीनाराम अघोरपीठ मठ में समेकित पर्यटन विकास योजना के अंतर्गत मल्टीपरपज हॉल और सांस्कृतिक पंडाल के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कर जांच के बाद हैंडओवर करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी परियोजना में गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा और संबंधित अधिकारी नियमित रूप से निरीक्षण कर प्रगति की रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराएं।

 

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, प्रभागीय वनाधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, अधिशासी अभियंता निर्माण खंड, संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, उद्यान अधिकारी, पर्यटन अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जल निगम सहित अन्य विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!