
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह 16 वर्षीय छात्रा का शव पेड़ से लटकता मिला। इससे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना सकरारी गांव स्थित कोहड़ा पुलिया के पास की है, जहां शीशम के पेड़ से एक किशोरी का शव फंदे के सहारे लटका हुआ पाया गया। मृतका की पहचान बंधवापर गांव निवासी पूजा यादव (16) पुत्री राजनरायन यादव के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने हत्या कर शव लटकाए जाने की आशंका जताई। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही घटना की छानबीन में जुटी रही।
शुक्रवार सुबह गांव के कुछ लोग शौच के लिए खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे स्थित सीसम के पेड़ पर लटक रहे शव पर पड़ी। यह दृश्य देखते ही लोगों में दहशत फैल गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही धानापुर थाना के प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को नीचे उतरवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की गई और आसपास के क्षेत्र की जांच पड़ताल की गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब पुलिस ने शव को देखा तो किशोरी के पैर जमीन से सटे हुए थे, जिससे ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कई लोगों ने आशंका जताई कि संभव है कि किशोरी की हत्या कर उसके शव को पेड़ से लटकाया गया हो, ताकि घटना को आत्महत्या का रूप दिया जा सके।
परिजनों के अनुसार पूजा यादव इस वर्ष हाईस्कूल बोर्ड की परीक्षा दे रही थी और पढ़ाई में भी ठीक थी। अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोग सदमे में हैं और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले तथ्यों और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है।

