
चंदौली। अलीनगर क्षेत्र स्थित गोधना में आलू मिल नहर पर निर्माणाधीन पुल के कारण 5 अप्रैल से 11 अप्रैल तक विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। यह निर्माण कार्य APCO Infratech Pvt. Ltd. द्वारा कराया जा रहा है। प्रशासन ने निर्माण कार्य को सुरक्षित और समयबद्ध ढंग से पूरा करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया है।
निर्धारित प्लान के अनुसार 5 अप्रैल सुबह 7 बजे से 11 अप्रैल की रात 12 बजे तक गोधना चौराहे से किसी भी प्रकार के वाहन ट्रक, बस, टैंकर, कार और ऑटो को नहर मार्ग से चकिया तिराहे की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे सभी वाहन आलमपुर अंडरपास होते हुए अलीनगर थाने के सामने से अपने गंतव्य तक जाएंगे।
इसी तरह चकिया तिराहा (गंजी प्रसाद) से भी भारी वाहनों को गोधना नहर मार्ग की ओर जाने से प्रतिबंधित किया गया है। उन्हें भी अलीनगर थाना मार्ग से आलमपुर अंडरपास के जरिए वैकल्पिक रास्ता अपनाना होगा। वहीं छोटे वाहन जैसे कार, ऑटो और मोटरसाइकिल को रामनगर, लंका या चकिया जाने के लिए आलू मिल तिराहे से अमोघपुर होते हुए भेजा जाएगा। अलीनगर कस्बे में जाने वाले वाहन भी इसी मार्ग का उपयोग करेंगे।
इसके अतिरिक्त अलीनगर सकलडीहा तिराहे से चकिया तिराहे की ओर जाने वाले भारी वाहनों को भी डायवर्ट कर आलमपुर अंडरपास मार्ग से भेजा जाएगा। प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित डायवर्जन प्लान का पालन करें और यातायात पुलिस का सहयोग करें।

