
चंदौली। प्रदेश सरकार की अपराध व अपराधियों के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति को धरातल पर उतारते हुए चन्दौली पुलिस ने एक बार फिर उत्कृष्ट कार्यप्रणाली का परिचय दिया है। उत्तर प्रदेश सरकार की समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) से प्राप्त शिकायतों के शत-प्रतिशत निस्तारण के आधार पर चन्दौली पुलिस को प्रदेश स्तर पर प्रथम रैंक प्राप्त हुई है। जनवरी 2026 की जारी रैंकिंग में जनपद चन्दौली ने 135 में से 135 अंक हासिल कर प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है।
इतना ही नहीं, जनपद के 16 थानों में से 11 थानों ने भी ऑनलाइन प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में 100 में से 100 अंक प्राप्त करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि जिले की पुलिस व्यवस्था, जनसुनवाई की प्रभावी प्रक्रिया और जवाबदेही को दर्शाती है।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे द्वारा जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण, त्वरित और समयबद्ध निस्तारण को लेकर लगातार दिशा-निर्देश दिए जाते रहे हैं। पुलिस कार्यालय में गठित आईजीआरएस सेल के माध्यम से जनसुनवाई पोर्टल से प्राप्त शिकायतों को संबंधित थानों तक ऑनलाइन प्रेषित किया जाता है। इसके बाद संबंधित अधिकारी और थाना प्रभारी तय समय-सीमा के भीतर शिकायत की जांच कर आख्या ऑनलाइन प्रेषित करते हैं।
शिकायत निस्तारण की प्रक्रिया में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आवेदक से फीडबैक भी लिया जाता है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि वह पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट है या नहीं। इस व्यवस्था से न केवल शिकायतों का समयबद्ध समाधान संभव हुआ है, बल्कि पुलिस कार्यवाही की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय सहित सभी राजपत्रित अधिकारियों द्वारा नियमित पर्यवेक्षण और प्रभावी मॉनिटरिंग के परिणामस्वरूप चन्दौली पुलिस ने जनवरी 2026 में प्रदेश स्तर पर प्रथम रैंक हासिल की। उल्लेखनीय है कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त सभी शिकायतों का मूल्यांकन मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा किया जाता है। इसी मूल्यांकन के तहत चन्दौली पुलिस ने शत-प्रतिशत शिकायतों का निस्तारण कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया।

