ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने मरीजों से बात कर स्वास्थ्य सेवाओं का जाना हाल, दिए जरूरी निर्देश

चंदौली। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने बुधवार को जनपद चंदौली का दौरा करते हुए विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने पंडित कमलापति त्रिपाठी संयुक्त चिकित्सालय तथा मातृ-शिशु विंग का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आयोग की अध्यक्ष ने महिला वार्ड और अल्ट्रासाउंड कक्ष में जाकर भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत की तथा उनके स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। साथ ही अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। मातृ-शिशु विंग का निरीक्षण करते हुए उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए और कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

 

इस दौरान अस्पताल में नवजात बच्चियों के जन्म के अवसर पर ‘कन्या जन्मोत्सव’ मनाया गया। डॉ. बबीता सिंह चौहान ने केक काटकर इस अवसर को उत्सव के रूप में मनाया और नवजात बच्चियों की माताओं को सम्मान पत्र तथा किट देकर सम्मानित किया। उन्होंने परिवारजनों से कहा कि बेटी के जन्म पर निराश होने के बजाय खुशी मनानी चाहिए। बेटा और बेटी में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेटियों को अच्छी शिक्षा और स्वतंत्रता देकर उनके सपनों को साकार करने में परिवार को सहयोग करना चाहिए।

इसके बाद आयोग अध्यक्ष ने प्राथमिक विद्यालय नर्सिंगपुर का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने बच्चों से पढ़ाई-लिखाई से संबंधित सवाल पूछे और शिक्षकों से शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों का उज्ज्वल भविष्य शिक्षा पर निर्भर करता है, इसलिए शिक्षकों को पूरी मेहनत और समर्पण के साथ विद्यार्थियों को शिक्षित करना चाहिए ताकि विद्यालय का नाम रोशन हो सके।

 

विद्यालय परिसर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में भी उन्होंने बच्चों से मुलाकात की। यहां कुछ बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार और गोद भराई कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने भाग लिया और बच्चों तथा माताओं को आशीर्वाद दिया। इसके अलावा उन्होंने राजकीय बालगृह (शिशु) एवं राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरण, चंदौली का भी निरीक्षण किया। यहां रह रहे अनाथ बच्चों के भोजन, देखभाल और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा पंजीकरण रजिस्टर का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वाईके राय, उप जिलाधिकारी सदर दिव्या ओझा, क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रभात कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास) सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!