
चंदौली। अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई करते हुए जनपद चंदौली की स्वाट और सर्विलांस टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम की सतर्कता और उत्कृष्ट कार्यशैली को देखते हुए उन्हें 50,000 रुपये के नगद इनाम से सम्मानित किया गया है।
यह पुरस्कार अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया और पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक चन्दौली आदित्य लांग्हे द्वारा प्रदान किया गया। अधिकारियों ने टीम के कार्य को सराहनीय बताते हुए भविष्य में भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रखने की अपेक्षा जताई।
स्वाट और सर्विलांस टीम ने महज 15 दिनों के भीतर तीन बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया। पहली कार्रवाई 2 मार्च को की गई, जिसमें एक ट्रक से आलू की बोरियों के नीचे छिपाकर पंजाब से बिहार ले जाई जा रही 1028 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इसकी कुल मात्रा 9198.8 लीटर थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.68 करोड़ रुपये आंकी गई।
दूसरी कार्रवाई 9 मार्च को हुई, जब एक अन्य ट्रक में कागज की गट्ठरों के नीचे छिपाकर दादरी नोएडा से बिहार ले जाई जा रही 849 पेटी शराब पकड़ी गई। बरामद शराब की मात्रा 7473.6 लीटर थी, जिसकी कीमत लगभग 1.40 करोड़ रुपये बताई गई। तीसरी कार्रवाई 14 मार्च को की गई, जिसमें पुट्टी की बोरियों के पीछे छिपाकर नोएडा से बिहार भेजी जा रही 710 पेटी शराब जब्त की गई। इसकी मात्रा 6325.92 लीटर और कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये आंकी गई।
इन तीनों मामलों में कुल 2587 पेटी यानी 22,999.32 लीटर अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 4.28 करोड़ रुपये है। पुलिस ने सभी मामलों में संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई भी की है।

