
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के काली महाल इलाके में अवैध रूप से चल रहे गैस रिफिलिंग के कारोबार का शुक्रवार को प्रशासन ने भंडाफोड़ कर दिया। शिकायत मिलने के बाद एसडीएम अनुपम मिश्रा के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने दोपहर में अचानक छापेमारी की। इस दौरान एक दर्जन से अधिक सिलेंडर, उपकरण और वाहन बरामद किया गया। कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रशासनिक टीम पहुंची तो एक अहाते में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की अवैध रूप से रिफिलिंग की जा रही थी। मौके पर मौजूद लोगों को कार्रवाई की भनक लगते ही अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि इस दौरान अवैध कारोबार का संचालक मौके से फरार हो गया। प्रशासनिक टीम ने मौके से बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडर और रिफिलिंग से जुड़े उपकरण बरामद किए।
प्रशासन की जांच में सामने आया कि घरेलू सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में गैस भरकर अवैध तरीके से बेचने का काम किया जा रहा था। यह कार्य बेहद खतरनाक होने के साथ-साथ सरकारी नियमों का भी उल्लंघन है। मौके से 12 घरेलू एलपीजी सिलेंडर, 14 किलो और 5 किलो के कई सिलेंडर, गैस रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और एक वाहन को बरामद कर कब्जे में ले लिया गया।
सूत्रों के अनुसार यह अवैध कारोबार संतोष जायसवाल द्वारा किराए के स्थान पर संचालित किया जा रहा था। हालांकि प्रशासनिक टीम के पहुंचने से पहले ही वह मौके से फरार हो गया। अधिकारियों ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर पूर्ति विभाग तथा मुगलसराय कोतवाली पुलिस को आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

