ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: सावन को लेकर प्रशासन अलर्ट, पीस कमेटी की मीटिंग में यातायात, सुरक्षा के बिंदुओं पर चर्चा, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

चंदौली। आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस लाइन चंदौली के नवीन सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने की, जबकि अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर भी मौजूद रहे। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों तथा पीस कमेटी के सदस्यों के साथ श्रावण मास की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

 

बैठक में प्रमुख मंदिरों और कांवड़ यात्रा मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल की उपलब्धता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत, यातायात डायवर्जन, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं की अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यात्रा मार्ग पर मौजूद गड्ढों को तत्काल भरवाया जाए, सड़क किनारे खुले नालों को ढंकवाया जाए तथा पूरे मार्ग पर स्वच्छता और सुरक्षा के समुचित इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जनपद के विभिन्न मंदिरों में दर्शन के लिए आते हैं। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि मंदिरों और यात्रा मार्गों पर नियमित सफाई, पर्याप्त पेयजल, लाइटिंग, सड़क मरम्मत और अन्य नागरिक सुविधाओं की सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएं।

 

अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर ने कहा कि श्रावण मास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। प्रमुख मंदिरों, कांवड़ मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर यातायात डायवर्जन लागू किया जाएगा तथा वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावी भीड़ प्रबंधन, सतत निगरानी और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन), सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा पीस कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!