ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : फर्जी दस्तावेज बनाकर कभी रॉ एजेंट तो कभी असिस्टेंट कमांडेंट बन जाता था युवक, पुलिस ने दबोचा

चंदौली। पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जो कूट रचित दस्तावेजों के सहारे खुद को कभी ‘रॉ एजेंट’ तो कभी ‘असिस्टेंट कमांडेंट’ बताकर लोगों को गुमराह करता था। पुलिस ने उसके पास से फर्जी कागजात और मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

 

सदर कोतवाल विजय बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार को संदिग्ध व्यक्ति और वस्तुओं की चेकिंग के दौरान एक युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान युवक के पास से एक निमंत्रण पत्र, दो कूट रचित छायाप्रतियां और एक वीवो मोबाइल फोन बरामद हुआ। जांच में युवक की पहचान रूपेश उपाध्याय निवासी हेतमपुर, थाना धानापुर के रूप में हुई।

 

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उसने अपने मोबाइल फोन के जरिए ‘ChatGPT’ की मदद से फर्जी दस्तावेज तैयार किए थे। इन दस्तावेजों का उपयोग वह विभिन्न जगहों पर खुद को कभी ‘रॉ एजेंट’ तो कभी ‘असिस्टेंट कमांडेंट’ बताकर करता था, ताकि लोगों पर प्रभाव डालकर निजी लाभ हासिल कर सके।

 

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली चंदौली में मु0अ0सं0 0122/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 319(2), 318(4), 338, 336(4) और 340(2) में मामला दर्ज कर लिया है। बरामदगी के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के दावे या पहचान पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें, ताकि इस प्रकार के धोखाधड़ी के मामलों से बचा जा सके।

Back to top button
error: Content is protected !!