ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : जिला अस्पताल का वजूद बचाने कांग्रेस उतरी सड़क पर

कार्यकर्ताओं ने निकाला विरोध मार्च

चंदौली : जिला काग्रेस कमेटी की ओर से बुधवार को कार्यकर्ताओं ने पंडित कमलापति जिला अस्पताल का वजूद बचाने के लिए विरोध मार्च निकाला और जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग को मांगों से संबंधित पत्रक सौंपा। इस दौरान जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज को अलग-अलग संचालित करने की मांग की। जिला अस्पताल को पिछले पांच वर्षों में जारी बजट और सुविधाओं की उच्च स्तरीय कमेटी से जांच कराने का मुद्दा भी उठाया।

 

पंडित कमलापति त्रिपाठी पार्क में धरने के दौरान कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना ने कहा कि पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला चिकित्सालय विगत कई वर्षों से अपनी पूरी क्षमता से संचालित है,जिला चिकित्सालय किसी भी जिले की प्रमुख मूलभूत सुविधा होती है, लेकिन उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार व जनप्रतिनिधि जिला अस्पताल का वजूद मिटा रहे हैं।जिला अस्पताल में कार्यरत दर्जनों चिकित्सक व स्टाफ को स्थानांतरित कर दिया गया है,पहले से संचालित सुविधाओं को आमलोगों के लिए बंद कर दिया गया है। मेडिकल कॉलेज व जिला अस्पताल दोनों अलग- अलग स्वतंत्र संस्था है दोनों को पूरी क्षमता से संचालित करना होगा।

 

जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि भाजपा सरकार मेडिकल कालेज को पूरी क्षमता से संचालित नहीं कर पा रही है,मेडिकल कॉलेज में आज भी गैस्ट्रोलॉजी,न्यूरो,जैसे डिपार्टमेंट की सुविधा नहीं है। कहा कि हमने शासन सत्ता के समक्ष आम जनता की चार मांगों को रखा है जिसमें जिला अस्पताल का संचालन पूरी क्षमता से किया जाए,स्थानांतरित किए गए सभी चिकित्सकों व कर्मचारियों को पुनः जिला अस्पताल में तैनात किया जाए,मेडिकल कॉलेज व जिला अस्पताल स्वतंत्र रूप से अलग- अलग पूरी क्षमता से संचालित किया जाए। साथ ही पिछले पांच वर्षों में जिला अस्पताल को आवंटित सरकारी बजट व प्राप्त सुविधाओं के वितरण की जांच उच्च स्तरीय जांच कमेटी बनाकर कराई जाए। यदि मांगों को नहीं माना गया तो कांग्रेस उग्र आंदोलन को बाध्य होगी।

 

बृजेश गुप्ता मधु राय धरणीधर तिवारी शीतला प्रसाद महेंद्र सिंह रजनी कांत पांडेय तरूण पाण्डेय तौफीक खान रामानंद यादव टी आर दिनकर अकिल अहमद बाबू सतीश बिंद दया राम पटेल राजेंद्र गौतम राहुल अरविन्द पाण्डेय शिव तपस्या तिवारी परमहंस सिंह हम्मीर शाह नवीन पाण्डेय श्री कांत पाठक चंद्रवंश यादव माधवेंद्र मूर्ति ओझा सहित सैकड़ो कांग्रेस जन उपस्थित थे। संचालन शिवेन्द्र मिश्रा ने किया।

Back to top button
error: Content is protected !!