
चंदौली। चकिया पुलिस ने ज्वेलर्स पर जानलेवा हमला कर लूट की वारदात में वांछित ₹25 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। बदमाश की पहचान रोहन पाण्डेय पुत्र अरविंद पाण्डेय, निवासी गुरेनी थाना धानापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे इलेक्ट्रॉनिक और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर दिल्ली से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2025 को बैरी बाजार स्थित संजय ज्वेलर्स के संचालक जितेंद्र कुमार दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। फिरोजपुर गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास बदमाशों ने उन पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर लूट की घटना को अंजाम दिया था। मामले में थाना चकिया पर मुकदमा दर्ज किया गया था और इससे पहले छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने फरार चल रहे इनामी आरोपी रोहन पाण्डेय को दिल्ली से गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक अमित कुमार मिश्रा और आरक्षी अमित कुमार पटेल भी शामिल रहे।

