
चंदौली। जिले में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। स्थिति की वास्तविकता जानने और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने नगर क्षेत्र के विभिन्न पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्टॉक रजिस्टर और उपलब्ध मात्रा का मिलान किया। शुद्धता की भी जांच कराई। संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए।
अधिकारियों ने साफ निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में आपूर्ति श्रृंखला बाधित नहीं होनी चाहिए। उपभोक्ताओं को सही मात्रा और गुणवत्ता का ईंधन उपलब्ध कराना हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। एडीएम ने कहा कि पारदर्शिता बनाए रखना जरूरी है, ताकि आम जनता का विश्वास कायम रहे और किसी तरह की शिकायत की गुंजाइश न रहे।
एडीएम ने स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि कमी की खबरें पूरी तरह निराधार और भ्रामक हैं। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण न करें।
अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने भी कहा कि पुलिस और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई भी पेट्रोल पंप संचालक जमाखोरी, कालाबाजारी या नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

