
चंदौली। नियामताबाद सेक्टर पांच से जिला पंचायत सदस्य बबिता यादव को समाजवादी महिला सभा मुगलसराय इकाई का अध्यक्ष बनाया गया है। जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है। ये वही बबिता यादव हैं जिनके पति चंद्रशेखर यादव ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान पूर्व सपा सांसद रामकिशुन यादव पर विरोधियों से रुपये लेने सहित कई गंभीर आरोप लगाए थे।
आगामी विधान सभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत बनाने के लिए सपा जिला इकाई ने राजनीति में सक्रिया महिलाओं को जिम्मेदारी सौंपनी शुरू कर दी है। इसी क्रम में जिला पंचायत सदस्य बबिता यादव को समाजवादी पार्टी महिला सभा का मुगलसराय विधान सभा अध्यक्ष बनाया गया है। बबिता यादव के पति चंद्रशेखर यादव ने हाल ही में संपन्न जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में सपा के पूर्व सांसद पर दो करोड़ रुपये में वोटों का सौदा करने संबंधी गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने सार्वजनिक तौर पर बयान दिया था। यही नहीं सपा उम्मीदवार के खिलाफ पत्नी को चुनाव लड़ाने की घोषणा के साथ नामांकन पत्र भी खरीद लिया था। हालांकि उन्होंने नामांकन दाखिल नहीं किया। घटना से नाराज पूर्व सांसद के समर्थकों ने चंद्रशेखर यादव का पुतला भी फूंका था। जिले में घटना की काफी चर्चा भी रही।