fbpx
चंदौलीपंचायत चुनावराज्य/जिला

तस्वीर हुई साफ, छत्रबली सिंह का यह सिपहसलार अध्यक्ष पद के चुनाव में ठोंकेगा ताल

चंदौली। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में पूर्व अध्यक्ष छत्रबली सिंह की दावेदारी को नकारा नहीं जा सकता। अबकी चुनाव में छत्रबली किंग मेकर की भूमिका में होंगे। शहाबगंज सेक्टर नंबर दो से निर्दल प्रत्याशी के रूप में जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीतने वाले दीनानाथ शर्मा का अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ना लगभग तय है। इसकी पुष्टि खुद छत्रबली सिंह ने की। कहा कि आगामी चुनाव में वह दीनानाथ का समर्थन करेंगे। उन्होंने सभी सदस्यों से दलगत और जातिगत भावना से ऊपर उठकर एक साथ आने की अपील भी की।
जिला पंचायत चुनाव की दिलचस्प पटकथा लिखी जा रही है। पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित चंदौली जिला पंचायत अध्यक्ष की सीट के कई दावेदार सामने आने लगे हैं। भाजपा और सपा पहले ही इस सीट पर अपना दावा कर चुकी हैं। वहीं सकलडीहा सेक्टर नंबर पांच से जिला पंचायत सदस्य, मिर्जापुर विधायक अनिल मौर्य के चहेते साहब सिंह भी अध्यक्ष बनने का अपना मंसूबा सार्वजनिक कर चुके हैं। बसपा छोड़ने के बाद साहब सिंह भाजपा और सपा को नया ठिकाना बना सकते हैं। वहीं पूर्व अध्यक्ष छत्रबली सिंह ने भी अपने इरादे साफ कर दिए हैं। उन्होंने अपने शागिर्द शहाबगंज सेक्टर दो से जिला पंचायत सदस्य दीनानाथ शर्मा को मैदान में उतार दिया है और उन्हें जिताने के लिए राजनीतिक बिसात बिछानी शुरू भी कर दी है। छत्रबली सिंह का दावा इसलिए भी मजबूत माना जा रहा है क्योंकि जिला पंचायत सदस्यों केे बीच उनकी अच्छी पकड़ और लोकप्रियता है। जबकि शहाबगंज ब्लाक के सभी तीन सेक्टरों से उन्होंने अपने चहेतों को निर्दल चुनाव लड़ाया और जीत भी दिलाई। छत्रबली सिंह ने पूर्वांचल टाइम्स को बताया कि अध्यक्ष पद के चुनाव में वह दीनानाथ शर्मा के साथ हैं। अधिकांश जिला पंचायत सदस्यों का समर्थन भी उनके पास है। कहा कि जिला पंचायत में विकास की जो गंगा बही वह रुकनी नहीं चाहिए। इसलिए सभी सदस्य एक मंच पर आएं और सही का चयन करें।

Leave a Reply

Back to top button