
चंदौली। जिलाधिकारी ईशा दुहन के स्थानांतरण के बाद गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने को प्रयासरत रहीं निवर्तमान डीएम ने जाते-जाते टूरिज्म कैलेंडर का विमोचन किया। अफसरों व कर्मचारियों ने उनके मार्गदर्शन व कार्यों की सराहना की।
अधिकारियों ने कहा कि जिलाधिकारी के कुशल नेतृत्व व मार्गदर्शन में चलो चंदौली अभियान, टूरिज्म को बढ़ावा देने के प्रयास, जन कल्याणकारी एवं विकास कार्यों के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए गए, जो सराहनीय हैं। ईशा दुहन ने भी अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि जनपद की बेहतरी के लिए पुरजोर प्रयास किये गए। योजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य किया गया। जनसमस्याओं का ससमय समाधान सुनिश्चित किया गया। जनपद के सुदूर व पिछड़े क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं/कार्यक्रमों के विषय में जन चौपालों के माध्यम से आमजन को उनके बीच पहुंचकर उन्हें जानकारी प्रदान करने के साथ ही लाभान्वित करने का कार्य किया गया। टूरिज़्म को बढ़ावा देने के दृष्टिगत ठोस प्रयास सहित अनेक कार्य किए गए। कार्यों के प्रभावी कार्यान्वयन में जनपद के समस्त अधिकारियों/कर्मचारियों के साथ ही मीडिया व जनपदवासियों का अत्यंत सहयोग रहा। इस दौरान विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।