
चंदौली। अधिकारियों की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें प्रशासन आपके द्वार मुहिम के तहत गांवों में शिविर व प्रदर्शनी लगवाने की रणनीति तैयार की गई। जिलाधिकारी ईशा दुहन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इसकी रूपरेखा तैयार कर लें। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को लाभ पहुंचाना है। उन्होंने बैठक में अनुपस्थित रहने पर जिला उद्यान अधिकारी व जिला ग्रामोद्योग अधिकारी को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनपद में विभिन्न तिथियों में वृहद स्तर पर कैंपों का आयोजन किया जाएगा। प्रथम चरण में समस्त ब्लाक मुख्यालयों के परिसर में अलग-अलग तिथियों में विभागीय योजनाओं के कैंप लगाए जाएंगे। अभियान के दूसरे चरण में जनपद के दूरस्थ एवं सीमावर्ती ग्रामों में कैंपों का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभागीय योजनाओं के स्टाल/ प्रदर्शनी के साथ ही आमजन को योजनाओं के बारे में प्रचार प्रसार एवं जागरूक करने का कार्य किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृतपत्र/ प्रमाणपत्र, यंत्र वितरण के कार्य भी किए जाएंगे। समस्त संबंधित अधिकारी ब्लाक स्तरीय कैंपों के आयोजन हेतु तैयारियां सुनिश्चित करें। विभागों के संयुक्त प्रयास, सबके समन्वय, जन सहयोग से इस अभियान को सफल बनाना है। बताया कि चलो चंलौी अभियान के मद्देनजर तहत विकास खंड चकिया में एक दिसंबर, नियमताबाद में चार, सदर सात, चहनिया में 10, शहाबगंज में 13, धानापुर में 16, नौगढ़ में 19, सकलडीहा में 22 दिसंबर और बरहनी ब्लाक मुख्यालय में 24 दिसंबर को वृहद स्तर पर विकास खंड स्तरीय कैंप का आयोजन किया जाएगा। इसमें राजस्व विभाग, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, बाल विकास, कृषि, उद्यान, स्वास्थय, वन, सोशल सेक्टर, श्रम विभाग, शिक्षा आदि विभागों द्वारा प्रतिभाग कर प्रदर्शनी /स्टाल लगाया जाएगा। बैठक में विभागीय अधिकारी रहे।