ख़बरेंचंदौली

चंदौली न्यूज : डीएम ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को बताया ऐतिहासिक, बोले, महिलाओं की बढ़ेगी भागीदारी

चंदौली। नारी शक्ति वंदन अधिनियम लागू होने के बाद जनपद में इसे लेकर सकारात्मक माहौल देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के माध्यम से इस ऐतिहासिक निर्णय पर अपने विचार साझा किए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है, जो देश की आधी आबादी को नीति-निर्माण की मुख्यधारा में लाने का कार्य करेगा। उन्होंने बताया कि इस कानून के लागू होने से संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित होगी, जिससे निर्णय लेने की प्रक्रिया अधिक समावेशी बनेगी।

 

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि दशकों से लंबित महिला आरक्षण का सपना अब साकार हुआ है। यह अधिनियम न केवल महिलाओं को अधिकार देगा, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

 

प्रेस वार्ता के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक रूप से सशक्त बनाना है।

 

अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि यह अधिनियम मातृशक्ति को सम्मान देने और उन्हें निर्णय प्रक्रिया में बराबरी का अवसर प्रदान करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है, जिसका सकारात्मक प्रभाव आने वाले समय में स्पष्ट रूप से देखने को मिलेगा।

 

 

Back to top button
error: Content is protected !!