
चंदौली। पश्चिमी विक्षोभ के चलते कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप शुरू हो गया है। गुरुवार की सुबह घने कोहरे के साथ हुई। विजिविलिटी घटकर 50 मीटर से नीचे चली गई। इससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। तापमान में भी 4 डिग्री की गिरावट आई है। अधिकतम तापमान 20 डिग्री के आसपास पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी 10 डिग्री रहा। कड़ाके की ठंड के चलते लोग ठिठुरे रहे। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।

दिसंबर माह के द्वितीय पखवारे में ठंड की गति तेज हो गई है। पिछले तीन दिनों से ठंड में इजाफा होने से दिन चढ़ने के साथ ही लोग घरों में दुबकने को विवश हो जा रहे हैं। कोहरा का प्रकोप ऐसा कि देर शाम को वाहन चालकों को गंतव्य तक पहुंचने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार को कोहरे के कारण दिनचर्या पर विपरीत प्रभाव पड़ा। सर्द हवा व गलन से लोग परेशान हो गए। ठंड के कारण मुख्य मार्गों पर भी आवाजाही कम रही। अधिकतम तापमान गिरकर 20 डिग्री तो न्यूनतम 10 डिग्री तक पहुंच गया।

कोहरे के घनत्व में कमी की संभावना कृषि राज्य मौसम केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के पूर्वी अग्र सरण के साथ ही निचले क्षोभ मंडल में नमी की प्रचुरता व वायुमंडलीय स्थिरता के फलस्वरूप जनपद के तापमान में गिरावट आई है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना है।
खेती-किसानी पर विपरीत प्रभाव कोहरे के कारण खेती-किसानी पर भी विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। किसान धान की मड़ाई व गेहूं की बाेआई के कार्य में जुटे हुए हैं। गेहूं की खेती पिछड़ने से किसानों के माथे पर बल पड़ गया है, हालांकि जिन किसानों ने गेहूं की बोआई कर दी है। फसल के लिए मौसम अनुकूल है।
कोहरे में हेलमेट का करें प्रयोग
जनपद में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है, ऐसी स्थिति में सर्द हवाओं के चलते मौसम विभाग की ओर से घने कोहरा की संभावना व्यक्त की गई है। ऐसी स्थिति में ठंड/घने कोहरा से बचाव के लिए आमजन को सावधानी बरतने की जरूरत है। कोहरे से बचाव के लिए वाहन धीरे चलाएं और हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें।

