ख़बरेंचंदौली

UP Board Exam : यूपी बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से, चंदौली में कड़े सुरक्षा इंतजाम, स्टैटिक मजिस्ट्रेट करेंगे निगरानी

चंदौली। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश, प्रयागराज द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक संचालित होंगी। जनपद के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। प्रथम पाली सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:00 बजे से 5:15 बजे तक संपन्न होगी।

 

परीक्षाओं को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इस संबंध में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने रेवसा आईटीआई सभागार में स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों एवं अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें उनके दायित्वों और कर्तव्यों से अवगत कराया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्टैटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता के लिए व्यक्तिगत रूप से उत्तरदायी होंगे। प्रश्नपत्रों के सीलबंद पैकेट केंद्र व्यवस्थापक, वाह्य केंद्र व्यवस्थापक और स्टैटिक मजिस्ट्रेट संयुक्त रूप से प्राप्त करेंगे तथा उन्हें परीक्षा केंद्र के स्ट्रांग रूम में डबल लॉक अलमारी में सुरक्षित रखा जाएगा। स्ट्रांग रूम की चाबी स्टैटिक मजिस्ट्रेट की अभिरक्षा में रहेगी।

 

स्ट्रांग रूम तथा डबल लॉक अलमारी को खोलने और सील करने की पूरी प्रक्रिया तीनों अधिकारियों की उपस्थिति में ही की जाएगी और उसका विवरण लॉग बुक में दर्ज होगा। डबल लॉक की एक चाबी केंद्र व्यवस्थापक और दूसरी वाह्य केंद्र व्यवस्थापक के पास रहेगी, जबकि उसकी अतिरिक्त चाबी स्टैटिक मजिस्ट्रेट के पास सुरक्षित रहेगी। आपात स्थिति में ही डुप्लीकेट चाबी का प्रयोग किया जा सकेगा, जिसकी सूचना जिला विद्यालय निरीक्षक को देना अनिवार्य होगा।

 

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी संबंधित अधिकारी परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटा पूर्व केंद्र पर उपस्थित रहें। प्रश्नपत्र खोलने की पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी और उस समय किसी के पास एंड्रॉयड मोबाइल फोन नहीं रहेगा। स्ट्रांग रूम में मोबाइल फोन ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

 

प्रत्येक पाली के बाद परीक्षा की रिपोर्ट जिला विद्यालय निरीक्षक को उपलब्ध कराई जाएगी। बैठक के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सेक्टर और जोनल अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेकर निर्देशों के कड़ाई से पालन पर जोर दिया।

Back to top button
error: Content is protected !!