ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : जैपुरिया स्कूल पड़ाव में यूकेजी ग्रेजुएशन सेरेमनी ‘एम्ब्रेस – द पैसेज अहेड’ का भव्य आयोजन, नन्हे-मुन्नों ने अपनी प्रतिभा से किया प्रभावित

चंदौली। जयपुरिया स्कूल, पड़ाव शाखा में यूकेजी के विद्यार्थियों का दीक्षांत समारोह ‘एम्ब्रेस – द पैसेज अहेड’ अत्यंत उत्साह और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। विद्यालय के सभागार ‘श्री संगम’ में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत पदाधिकारियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। प्राइमरी विंग के नन्हे विद्यार्थियों ने ‘देव्यापराध क्षमापना स्तोत्रम’ का मधुर उच्चारण कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

 

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य बिनोद कुमार दास ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए। बोर्ड मेंबर आशीष सक्सेना ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य यूकेजी के विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाना, उन्हें अगले शैक्षिक पड़ाव के लिए प्रेरित करना और उनके भीतर आत्मविश्वास विकसित करना था।

 

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। कक्षा 1 व 2 की छात्राओं ने गणेश वंदना नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी के बच्चों ने ‘एम्ब्रेस – द पैसेज अहेड’ थीम पर ‘छैयां-छैयां डांस’, ‘पैरेंट्स लव डांस’, ‘सिबलिंग्स डांस’ और ‘सॉफ्ट टॉय लव डांस’ जैसी मनोहारी प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया।

 

इस अवसर पर प्री-प्राइमरी से प्राइमरी विंग में प्रवेश करने वाले यूकेजी के विद्यार्थियों को कन्वोकेशन ड्रेस में प्रमाण पत्र, बाय-बाय कार्ड और टोकन ऑफ लव देकर सम्मानित किया गया। साथ ही बच्चों की सामूहिक फोटोग्राफी भी की गई। नन्हें विद्यार्थियों ने अपने तीन वर्षों के अनुभव कविताओं, भाषण और प्रश्नोत्तरी के माध्यम से साझा कर सभी को भावुक कर दिया।

 

कार्यक्रम में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को विशिष्ट श्रेणी पुरस्कार और सर्वोच्च उपस्थिति पुरस्कार से नवाजा गया। वहीं सहयोगी अभिभावकों को ‘टॉर्च बियरिंग पेरेंट्स’ के रूप में सम्मानित किया गया। कक्षा 1 से 5 के चयनित छात्रों को ‘अरडेंट रीडर अवार्ड’ भी प्रदान किए गए।

 

प्रबंध निदेशक मनोज बजाज ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि प्रारंभिक शिक्षा बच्चों के रचनात्मक विकास की नींव होती है। अध्यक्ष दीपक कुमार बजाज ने अभिभावकों के सहयोग के लिए आभार जताते हुए बच्चों को नई चुनौतियों का सामना मुस्कान के साथ करने की प्रेरणा दी।

 

कार्यक्रम का संचालन सिमृत कौर एवं नन्हीं छात्राओं अलिशबा मेराज़ व जिनिशा श्रीवास्तव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन शाजिया बदर ने किया। कार्यक्रम में अनेक गणमान्य अतिथि, शिक्षक, अभिभावक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!