ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: हथेड़ा गांव में जंगली सूअरों का आतंक, ग्रामीणों में दहशत, कर रहे रतजगा

चंदौली। विकास खंड चकिया अंतर्गत ग्रामसभा नसरथा के राजस्व गांव हथेड़ा में इन दिनों जंगली सूअरों का आतंक व्याप्त है। रात होते ही झुंड के झुंड में जंगली सूअर गांव की ओर पहुंच रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। स्थिति यह है कि लोग रात भर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों के अनुसार जंगली सूअर खेतों में घुसकर फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। गांव के तालाब की भूमि को भी खोद डाला है और रिहायशी इलाके में घुसने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि ग्रामीणों की सतर्कता और रात्रि जागरण के चलते अब तक वे आबादी क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर सके हैं।

गांव के अभिषेक दुबे ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर उन्होंने काशी वन रेंज के डीएफओ से फोन पर वार्ता की है। डीएफओ ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही चकिया रेंज की वन विभाग की टीम गांव पहुंचकर जंगली सूअरों को पकड़ने की कार्रवाई करेगी।

गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व पड़ोसी गांव जलखोर में जंगली सूअरों के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है, जिससे क्षेत्र में दहशत और बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से शीघ्र प्रभावी कार्रवाई की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Back to top button
error: Content is protected !!