
चंदौली। ग्राम मसाई में श्री शिव महापुराण कथा के पंचम दिवस पर भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। सूर्या हॉस्पिटल एवं ट्रामा सेंटर के डायरेक्टर डॉ. गौतम त्रिपाठी एवं डॉ. ऋषि त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कथा वाचक पंडित शिवम शुक्ला महाराज ने भगवान शिव और माता गौरा के विवाह प्रसंग की कथा सुनाई।

कथा के दौरान काशी विश्वनाथ मंदिर के प्रधान अर्चक श्रीकांत मिश्रा ने लगभग आधे घंटे तक शिव महापुराण की महिमा पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश दिया। इस अवसर पर मैक्सवेल हॉस्पिटल के प्रबंधक डॉ. के.एन. पांडेय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

पंचम दिवस की कथा में कथावाचक शिवम शुक्ला महाराज ने भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह का सुंदर प्रसंग सुनाया। उन्होंने बताया कि देवताओं के आग्रह पर भगवान शिव ने विवाह स्वीकार किया और कामदेव प्रसंग के माध्यम से शिव की तपस्या भंग होने की कथा का मार्मिक वर्णन किया। कथा के दौरान शिव बारात का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बैंड-बाजे और आतिशबाजी के साथ बारात मंदिर से कथा स्थल तक पहुंची, जिससे माहौल भक्तिमय हो उठा।

सूर्या हॉस्पिटल एवं ट्रामा सेंटर की ओर से श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था भी की गई। आयोजन समिति ने उनके सहयोग की सराहना की।


