ख़बरेंचंदौली

चंदौली में धूमधाम से मनाई जाएगी पंडित कमलापति त्रिपाठी की जयंती, चंदौली को बनाया धान का कटोरा

चंदौली। जिला न्यायालय के समीप स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी पार्क में 3 सितंबर बुधवार को प्रख्यात स्वतंत्रता सेनानी, राजनेता एवं साहित्यकार पंडित कमलापति त्रिपाठी का जन्मदिन धूमधाम से मनाया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा। जन्मदिन के अवसर पर उनके कृतित्व और उपलब्धियों पर विशेष चर्चा भी आयोजित की जाएगी।

 

पंडित कमलापति त्रिपाठी का जन्म 3 सितंबर 1905 को हुआ था। वे राष्ट्र के मूर्धन्य राजनेता, समर्पित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, यशस्वी संपादक, श्रेष्ठ साहित्यकार और अग्रणी हिंदी सेवी के रूप में जाने जाते हैं। भारतीय संस्कृति के प्रतीक और दक्ष राजनीतिक प्रशासक के रूप में उन्होंने न केवल प्रदेश, बल्कि देश की भी महती सेवा की।

 

अपने लंबे राजनीतिक जीवन में वे प्रदेश के मंत्री, उपमुख्यमंत्री, मुख्यमंत्री और केंद्र सरकार में मंत्री तथा कांग्रेस अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर आसीन रहे। चंदौली जनपद उनका राजनीतिक गढ़ रहा, जिसे उन्होंने आजीवन विकास की राह दिखाई। वे पांच बार स्वतंत्रता संग्राम के दौरान जेल गए और चंदौली में संघर्ष के महानायक बने।

 

पंडित त्रिपाठी ने गरीबी, भूख, शिक्षा की कमी, सूखा-बाढ़ और अकाल जैसी समस्याओं से जूझते चंदौली को विकास की राह पर अग्रसर किया। उन्होंने लिफ्ट एवं बांध प्रणाली द्वारा 2000 किलोमीटर नहरों का जाल बिछाकर जनपद को सिंचित क्षेत्र बनाया और इसे “धान का कटोरा” बनाने में अहम भूमिका निभाई। विद्युत, सड़क, पुल, अस्पताल, पॉलिटेक्निक और डिग्री कॉलेज समेत शिक्षा के अनेक संस्थानों की स्थापना कर उन्होंने चंदौली को नई पहचान दी।

 

रेलवे सेवाओं के विस्तार में भी उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा। मुगलसराय रेल मंडल की स्थापना, स्टेशन भवनों का निर्माण और जनपद के अन्य रेलवे स्टेशनों का विकास उनकी दूरदर्शिता का परिणाम था। जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता शिवेन्द्र मिश्रा ने बताया कि पंडित कमलापति त्रिपाठी की प्रेरक स्मृतियां चंदौलीवासियों के लिए सदैव मार्गदर्शक रहेंगी।

 

Back to top button