ख़बरेंचंदौली

विकास की नई तस्वीर: चंदौली में ‘नव निर्माण’ कार्यक्रम के जरिए योजनाओं की दी जानकारी, सरकार की नौ साल की उपलब्धियों का बखान

चंदौली। उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले में “नव निर्माण के 9 वर्ष” कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। जिला प्रशासन के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाना रहा। इसके साथ ही ब्लॉक स्तर और अन्य प्रमुख स्थानों पर भी इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया गया।

 

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश में कानून-व्यवस्था, बुनियादी ढांचे, रोजगार सृजन, विकास कार्यों और सुशासन के क्षेत्र में हुए कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि दूरदराज के क्षेत्रों में भी जागरूकता अभियान चलाकर पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत मुफ्त राशन, उज्ज्वला योजना के माध्यम से गैस कनेक्शन, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास, आयुष्मान भारत योजना के जरिए स्वास्थ्य बीमा तथा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ बड़ी संख्या में जरूरतमंदों को दिया जा रहा है। इन योजनाओं के माध्यम से गरीब और वंचित वर्ग को मुख्यधारा में लाने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र की योजनाओं और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। महिलाओं, बच्चियों और आमजन के हित में संचालित योजनाओं की जानकारी भी विस्तार से दी गई। उद्यान, कृषि, स्वरोजगार, स्वयं सहायता समूहों तथा अन्य लाभार्थीपरक योजनाओं के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया।

 

इस दौरान लखनऊ स्थित लोक भवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम और मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी देखा गया। सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के पंजीकृत कलाकारों ने लोकगीतों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा दिव्यांगजनों और कुष्ठ प्रभावित व्यक्तियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से लेप्रोसी किट (सेल्फ केयर किट/एडीएल किट) तथा मानसिक रूप से अक्षम बच्चों के लिए एमआर किट (शैक्षणिक सामग्री) का वितरण किया गया।

 

इस अवसर पर पीडी डीआरडीए, डीसी एनआरएलएम, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास), जिला कृषि अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!